
रामबन में बोलेरो खाई में गिरी, 2 की मौत, 7 घायल
उधमपुर/बटोत- 23 मई। जिला रामबन के सनासर क्षेत्र में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। दुर्घटना में एक महिला व एक 10 माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं।
जानकारी अनुसार बोलेरो नंबर जेके06ए-5525 सनासर से वापस आ रही थी। सनासर के पास ही चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी खाई में जा गिरी। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को लगते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया तथा खुद राहत कार्य में जुट गए। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वाहन से सभी को बाहर निकालकर बटोत स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाॅक्टरों ने सारा बेगम (51) पत्नी अब्दुल खालिक निवासी कास्तीगढ़ तथा आयत (10 माह) पुत्री तोसीब अहमद निवासी कास्तीगढ़, डोडा को मृत घोषित कर दिया। सात घायल को प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान सरफराज अहमद (25) पुत्र अब्दुल खालीक, तोसीब अहमद (29) पुत्र अब्दुल खालीक, नसरीना बेगम (42) पत्नी जफरउल्लाह, आविदा बेगम (25) पत्नी खुर्शीद अहमद, हीना कोसार पुत्री अब्दुल हमीद, मनीजा (22) पुत्री जफरउल्लाह तथा हैरीस तोसीब (4) पुत्र तोसीब अहमद सभी निवासी कास्तीगढ़, डोडा के रूप में की गई है।



