
दहेज के लिए विवाहिता के साथ मारपीट, बचाने आयी सास का दमाद ने हाथ तोड़ा
अररिया- 09 मई। जिले में फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मझुआ वार्ड संख्या-04 की रहने वाली सोनी देवी ने फारबिसगंज थाना में एक आवेदन देकर पति,देवर और सास पर दहेज के लिए शारीरिक प्रताड़ना देने के साथ हो रहे मारपीट से बचाव के लिए आये माता पिता और भाई के साथ भी ससुराल वालों द्वारा मारपीट और लहूलुहान कर देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
फारबिसगंज थानाध्यक्ष को केस करने के लिए दिए आवेदन में सोनी देवी ने शादी के बाद से ही पति धीरेन्द्र मण्डल,देवर रूपेश मंडल और सास मंजू देवी द्वारा शारीरिक प्रताड़ना और मारपीट करने का आरोप लगाया।अपने आवेदन में दहेज के रूप में ससुराल वालों द्वारा पांच भरी सोना,पांच लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार की शाम उसके पति, देवर और सास उनकी दहेज के लिए ईंट,बांस और बल्ले से पिटाई कर रहे थे,जिसकी सूचना अगल-बगल के लोगों ने उनके पिता को दी।जिसके बाद उसके पिता अरुण मंडल,मां उषा देवी और उसका भाई फूल कुमार मंडल उसे बचाने के लिए आया।जिसके बाद ससुराल वालों ने उनके मां, पिता और भाई के साथ मारपीट पर उतारू हो गया और पति धीरेन्द्र मंडल ने अपनी सास उषा देवी की हाथ मरोड़कर हाथ को तोड़ दिया।
मारपीट में सभी के लहूलुहान हो जाने और फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज किये जाने की बात कही गयी है।पीड़िता ने ससुराल वालों पर जान मारने की नीयत से मारपीट और गला दबाने की कोशिश करने की बात करते हुए घटना के बाद से ससुराल वालों द्वारा जान मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया और पुलिस ने न्याय की गुहार लगाई है।मामले में फारबिसगंज थानाध्यक्ष ने पीड़िता की ओर से आवेदन दिए जाने की बात करते हुए जांच कर समुचित कार्रवाई की बात कही।



