
MADHUBANI:- पिकअप लूट कर भाग रहा 2 अपराधी गिरफ्तार
मधुबनी- 29 मार्च। लौकहा थाना क्षेत्र के टेंगरार गांव के पास से पिक अप लूटकर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा। थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल के अनुसार सोमवार अहले सुबह थाना क्षेत्र के पिपराही सोलह आरडी के पास से राजनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर के धान व्यापारी कृष्ण प्रसाद गुप्ता का धान लदा पिक अप लूट लिया गया और उनके पास से मोबाइल फोन तथा 40 हजार से अधिक रुपए भी छीन लिए गए।
व्यापारी ने किसी अन्य व्यक्ति से फोन मांगकर पुलिस को यह जानकारी दी। पुलिस तुरत हरकत में आई और नरहिया, खुटौना तथा फुलपरास थानों को जानकारी देकर अपराधियों के भागने की संभावित दिशा में उनकी खोज में निकल पड़ी। भुतही बलान नदी के तटबंध पर खुटौना थाना क्षेत्र के टेंगरार गांव के पास से धान लदे टाटा 207 पिकअप संख्या- BR- 06G. 6879 को बरामद कर लिया गया। तथा दो बाइक सवार अपराधियों को भी टीवीएस स्पोर्ट बाइक संख्या- BR- 50F. 7826 के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बाइक सवार अपराधियों की पहचान लौकही थाना क्षेत्र के अटरी के योगेन्द्र यादव और राम अवतार यादव के रूप में की गई है। दोनों आपराधिक छवि के व्यक्ति बताये गये हैं, जिनके खिलाफ लौकही थाने में मामले दर्ज हैं। इस मामले में शामिल दो अपराधी लौकहा थाना क्षेत्र के धर्मपुर के राजेन्द्र यादव एवं लौकही थाना क्षेत्र के अटरी के विकास साह फरार बताये गये हैं। गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ मामला दर्जकर जेल भेज दिया गया है और फरार अपराधियों की तलाश चल रही है।



