
DELHI:- 3 करोड़ की हेरोइन के साथ 2 बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली- 02 फरवरी। बाहरी-उत्तरी जिला के नारकोटिक्स सेल ने तीन करोड़ की हेरोइन के साथ दो बदमाशों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान रघुबीर नगर निवासी जगदीश (28) और शेख आसिफ (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि वह बरेली के राशिद उर्फ गुलाब खान नामक तस्कर के लिए केरियर का काम करते थे।
राशिद से हेरोइन लेकर वह दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में महिला तस्कर शरीफा को पहुंचानी थी। पुलिस ने आरोपितों के पास से टैक्सी भी बरामद की है, जिसमें आरोपित हेरोइन लेकर दिल्ली आए थे। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
बाहरी-उत्तरी जिले के डीसीपी बिजेन्द्र कुमार यादव ने बबुधवार को बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग भलस्वा डेयरी इलाके में मादक पदार्थ के साथ आने वाले हैं। सूचना के बाद जिले के नारकोटिक्स सेल ने मामले की जांच शुरू की। देर रात करीब 10.30 बजे झंडा चौक, नया पुल भलस्वा में एक टैक्सी को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी लेने गाड़ी से एक किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने टैक्सी चालक शेख आसिफ और उसके साथी जगदीश को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आसिफ और जगदीश ने बताया कि वह बरेली के राशिद के लिए काम करते हैं। इनका काम दिल्ली के लोकल ड्रग तस्करों से पैसे लेकर उनको हेरोइन लाकर देना है। बरामद हेरोइन भलस्वा डेयरी में मादक पदार्थ का धंधा करने वाली शरीफा नामक महिला के लिए लाए थे।
शरीफा पार्टनर मोहम्मद जाबिर और उसकी बहन सुरैया पहले ही तस्करी के आरोप में जेल में बंद हैं। आसिफ के खिलाफ पहले एक मामला दर्ज है। पूछताछ के दौरान आसिफ व जगदीश ने बताया कि है कि राशिद दोनों को हर ट्रिप पर 25 रुपये देता था। पुलिस को मामले में अब राशिद व शरीफा की तलाश है।



