
MADHUBANI:- बेनीपट्टी में लोहे के सरिया से बांधा 11,000 वोल्ट का तार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, कांग्रेस प्रवक्ता ने DM-प्रधान सचिव को लिखा पत्र
मधुबनी- 28 नवंबर। बेनीपट्टी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अंबेडकर चौक, बेहटा स्थित एक निजी व्यावसायिक भवन के निर्माणाधीन पिलर के लोहे के सरिया में बिजली विभाग द्वारा 11,000 वोल्ट के हाई-टेंशन तार का सेफ्टी जाल बांध दिया गया है।

लोहे के सरिया से हाई-वोल्टेज तार के सपोर्ट को बांधे जाने के कारण पूरे भवन में करंट प्रवाहित होने का खतरा बना हुआ है। कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है। इस मामले को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता एवं मीडिया पैनलिस्ट अभिषेक कुमार झा ने ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव, मधुबनी के जिलाधिकारी तथा विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को ईमेल के माध्यम से लिखित आवेदन भेजकर कार्रवाई और हर्जाने की मांग की है।
अभिषेक झा ने बताया कि यह भवन उनकी निजी संपत्ति है, जिसमें ‘नोमानी ट्रेडर्स’ की दुकान संचालित है और रोज दर्जनों ग्राहकों व राहगीरों की आवाजाही रहती है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके स्वर्गीय दादाजी काशीकांत झा, जो स्वयं बिजली विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, पिछले 10 वर्षों से इस जानलेवा तार को हटाने के लिए विभाग को सूचना देते रहे, लेकिन विभाग ने अपने ही सेवानिवृत्त कर्मी की गुहार को अनसुना कर दिया और वे इसी आस में दुनिया से चले गए।
दादाजी के बाद उनके पिताजी ने भी कई बार गुहार लगाई, जो आज गंभीर बीमारी के कारण चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं। कल भी विभाग के SDO को फोन कर स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि पूरे बेनीपट्टी क्षेत्र में बिजली के तार और पोल सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर झूल रहे हैं और विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।
उन्होंने पत्र में विद्युत अधिनियम, 2003 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं का हवाला देते हुए मांग की है कि 24 घंटे के भीतर इस जानलेवा तार को हटाया जाए, 10 वर्षों तक शिकायत दबाने वाले दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो और रुके हुए निर्माण व मानसिक प्रताड़ना के लिए उचित हर्जाना दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सूचना देने के बाद भी तार नहीं हटाया गया, तो वे विद्युत लोकपाल, मानवाधिकार आयोग और न्यायालय की शरण लेने के साथ-साथ इस भ्रष्ट तंत्र के विरुद्ध उग्र जन-आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



