विश्व

बांग्लादेश में नहीं थम रही हिंसा, सरकार ने राजनयिकों से की मंत्रणा, पूर्व पीएम शेख हसीना ने 16 दिसम्बर को स्वदेश आने के लिए विमान मांगा

ढाका (बांग्लादेश), 24 नवंबर। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा के बाद देश में हो रही हिंसा के बीच सरकार ने विपक्षी दलों से मंत्रणा शुरू की है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कल नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से विचार-विमर्श किया। इस बीच शेख हसीना ने सरकार से स्वदेश लौटने के लिए विमान उपलब्ध कराने की मांग की है। देश के मौजूदा हालात पर आज विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने राजनयिकों से मंत्रणा की है। हिंसा प्रभावित आठ जिलों को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के हवाले किया गया है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने मंगलवार को राजनयिकों को मौजूदा राजनीतिक हालात और हालिया सुरक्षा चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समर्थन मांगा। कबीर ने कहा कि हालिया हिंसा बांग्लादेश के लोगों की आकांक्षाओं के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि अवामी लीग की गतिविधियां विघटनकारी और आतंकवादियों जैसी हैं।

कबीर ने कहा कि ‘अवामी आतंकवादी’ विदेश में भी सक्रिय हैं। वे कुछ देशों में अशांति फैला रहे हैं और आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल हैं।विदेश राज्यमंत्री कबीर ने कहा कि देश और विदेश में हो रही ये घटनाएं केवल राजनीतिक विरोध का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अवामी आतंकवादी कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ टकराव भड़का रहे हैं, ताकि ऐसा लगे कि देश में राजनीतिक अराजकता है। राज्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ठिकानों पर हमला करके और हथियार लूटने की कोशिश करके वे राज्य के अधिकार और कानून के शासन को चुनौती देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बांग्लादेश के लोकतांत्रिक बदलाव की प्रक्रिया को पटरी से न उतरने देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने निर्णायक जीत हासिल की और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में सरकार बनाई।

कबीर ने कहा कि अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों की गतिविधियों पर ‘आतंकवाद-रोधी अधिनियम’ के तहत प्रतिबंध लगा हुआ है। पार्टी का पंजीकरण भी निलंबित है। इसके बावजूद अवामी लीग के कार्यकर्ता जुलूस निकाल रहे हैं। जाम लगा रहे हैं। विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति चिंताजनक हो गई है। पहली नवंबर से 21 नवंबर के बीच 41 प्रशासनिक इकाइयों में कुल 158 घटनाएं दर्ज की गईं।

उन्होंने राजनयिकों को बताया कि 17 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के जन्मस्थान गोपालगंज में एक थाना फूंक दिया गया। हथियार और गोला-बारूद लूटकर ले गए। हिरासत में रखे गए लोगों को छुड़ा लिया। इस दौरान बीजीबी के एक सदस्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया। 19 नवंबर को भी मुक्सूदपुर में एक और थाना फूंकने की कोशिश की गई। वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। सांसदों के आवासों, बीएनपी कार्यालयों और ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी तोड़फोड़ की गई या उन्हें आग के हवाले कर दिया गया।

कबीर ने कहा कि शरियातपुर में पद्मा पुल के दक्षिणी टोल प्लाजा के पास बम धमाके कर टोल वसूली बाधित की गई। फरीदपुर में खड़ी बस फूंक दी गई। एक जुलूस पर हुए हमले में बीएनपी के दो नेताओं की जान चली गई। पाबना में हिंसक झड़पों, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति पर हमलों ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया। चटगांव में पुलिस पर हमलों और देसी बम विस्फोटों की भी खबरें सामने आई हैं।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि दो वर्ष से अधिक समय से भारत में निर्वासित जीवन जी रहीं हसीना 16 दिसंबर (विजय दिवस) को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि हसीना ने सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें वापस लाने के लिए सरकारी विमानन कंपनी ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ के एक विमान की व्यवस्था की जाए। इस पर बांग्लादेश के मुख्य अभियोजक मो. अमीनुल इस्लाम ने शेख हसीना की इस मांग को “महज एक पागलपन” करार दिया है।

उन्होंने कहा, “मौत की सजा पाने वाले किसी दोषी को वापस लाने के लिए विमान भेजना एक अभूतपूर्व घटना होगी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों के सवालों पर यह टिप्पणी की। एक राजनीतिक दल के रूप में अवामी लीग के खिलाफ चल रही कानूनी कार्यवाही के बारे में मुख्य अभियोजक ने बताया कि इस पार्टी की एक आतंकवादी संगठन के रूप में कथित भूमिका की जांच जारी है।

इस बीच सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आठ जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की कुल 101 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें गोपालगंज की दो बटालियन भी शामिल हैं। अन्य जिलों में ढाका, गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर, चटगांव और कॉक्स बाजार शामिल हैं। बीजीबी मुख्यालय के जनसंपर्क अधिकारी शरीफुल इस्लाम ने मंगलवार सुबह बताया कि गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत तैनात बीजीबी जवान संबंधित जिला प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!