
बिहार में परिसीमन के बाद होंगे पंचायत चुनाव: पंचायत राज मंत्री
मधुबनी, 24 नवंबर। विद्यापति समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर बेनीपट्टी पहुंचे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि विद्यापति को याद करने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में आना उनका सौभाग्य है।.उन्होंने कहा कि विद्यापति के माध्यम से ही हम लोग मैथिली संस्कृति को जानते-समझते हैं। आज के युवा ही नहीं, पूरे बिहार और पूरे विश्व में संस्कृति को जानने का काम अगर हो रहा है, तो उसमें विद्यापति जी का बहुत बड़ा योगदान है। वे बेनीपट्टी में विद्यापति समारोह के दौरान पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मंत्री से पंचायत चुनाव को लेकर सवाल पूछा गया। मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि परिसीमन का काम अभी चल रहा है। निर्वाचन आयोग परिसीमन का काम करवा रहा है। काम हो जाएगा, फिर उसके बाद चुनाव कराया जाएगा। टाइमलाइन बताना विभाग के लिए संभव नहीं होगा, निर्वाचन आयोग ही इसमें टाइमलाइन बता पाएगा।
उन्होंने माना कि पंचायतों का पांच वर्षों का कार्यकाल दिसंबर-जनवरी में पूरा हो रहा है, इसलिए चुनाव में थोड़ी देरी की दिख रही है। लेकिन निर्वाचन आयोग काम में लगा हुआ है। विभाग की ओर से परिसीमन को लेकर हो या चुनाव को लेकर हो, जो भी सहयोग दिया जाना चाहिए, विभाग हर संभव सहयोग कर रहा है और जल्द से जल्द इसको पूरा करने का कोशिश किया जा रहा है।
पार्टी में नाराजगी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पार्टी में बिल्कुल सब कुछ बढ़िया चल रहा है। सभी लोग पार्टी मजबूती के साथ चल रहे हैं। कोई भी नाराज नहीं है।
मधुबनी जिले में पार्टी को मजबूत करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी को सभी जगहों पर मजबूत करना है, सभी जिलों में, सभी सीटों पर मजबूत करना है। गठबंधन के तहत भी सभी दल अगर मजबूत रहेंगे, तो गठबंधन मजबूत रहेगा। तो पार्टी को भी मजबूत करना है, गठबंधन को भी मजबूत करना है।
वहीं, मधुबनी के विधायक के कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होने के सवाल पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि सभी लोगों की व्यवस्था रहती है, सभी का कार्यक्रम रहता है। विधायक हैं, तो उनको भी काफी व्यवस्था रहती है। सभी लोग अपने-अपने हिसाब से कार्यक्रम में शामिल होते हैं।



