
MADHUBANI:- तटबंध नहीं तो आंदोलन, 21 नवंबर को फुलपरास में महाधरना: इं. गौरीशंकर यादव
मधुबनी, 15 नवंबर। भूतही बलान नदी के पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध सह सड़क निर्माण सहित सात सूत्री जनहितकारी मांगों को लेकर मिथलांचल संघर्ष समिति की ओर से 21 नवंबर को फुलपरास अनुमंडल कार्यालय परिसर में महाधरना आयोजित किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष ई. गौरी शंकर यादव ने बताया कि यह महाधरना फुलपरास, लौकही, खुटौना एवं घोघरडीहा प्रखंड सहित संपूर्ण क्षेत्र की जनता के जीवन, सुरक्षा, आवागमन, कृषि, रोजगार एवं विकास से जुड़ी मांगों को लेकर किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आम नागरिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी।
उन्होंने बताया कि समिति की सात सूत्री मांगों में भूतही बलान नदी के पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध का लौकहा (बनरझूली) से परसा, बसुवारी रेलवे लाइन तक तथा रेलवे लाइन से मटरस होते हुए भेजा तक विस्तार किया जाए। दोनों तटबंधों के साथ बेहतर सड़क का निर्माण, भूतही बलान नदी पर टेंगरार एवं महथौर के समानांतर पुल का निर्माण, घोघरडीहा-किसनीपट्टी से डेवढ़, ब्रह्मपुरा-इस्लामपुर तक एवं मैनही चौर में हजारों एकड़ खेतिहर जमीन में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान, घोघरडीहा-निर्मली लिंक रोड का चौड़ीकरण, तटबंध के किनारे उपयुक्त स्थानों पर हाट-बाजार का निर्माण कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित, जल संचय की समुचित व्यवस्था कर बोटिंग प्वाइंट विकसित किया जाए, जिससे पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले तथा भूतही बलान के दोनों तटबंधों के बीच बसे फुलपरास पूर्वी टोला, बलुआही, कालीपुर एवं गोनाही टोल को चारों ओर सुरक्षा बांध बनाकर बाढ़ एवं कटाव से सुरक्षित करना शामिल है।



