
MADHUBANI:- छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डूबते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य, छठ पूजा की गीतों से गूंजा घाट
मधुबनी, 15 नवंबर। सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार की शाम जिला सहित मधुबनी शहर के गंगासागर व अन्य छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर बांस के सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना, नारियल और दीप सजाकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया।

दोपहर बाद से ही घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु—
आज दोपहर बाद से ही व्रती और उनके परिजन छठ घाट पर पहुंचने लगे थे। कोई सिर पर दौरा लिए, कोई हाथ में सूप और गन्ना लिए घाट की ओर बढ़ रहा था। गंगासागर, मुरली मनोहर पोखर,महासेठी तालाब,पुलिस लाईन पोखर सहित शहर के सभी प्रमुख घाटों पर दोपहर से ही चहल-पहल बढ़ गई थी।
जय छठी मैया से गूंज उठे घाट—
शाम होते ही घाटों पर “जय छठी मैया” और छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। छठ पूजा की गीतों से घाट गूंज उठे। महिलाएं पीले-लाल साड़ी में, सिर पर दौरा लिए घाट पहुंचीं। पुरुष परिजन दौरा उठाने, फल-ठेकुआ संभालने और व्रतियों को जल तक पहुंचाने में लगे रहे।
सुबह की परेशानी, शाम को मिली राहत—
गौरतलब है कि सुबह गंगासागर घाट पर व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश था। घाट तक उतरने का रास्ता करीब चार फीट ऊंचा हो गया था। लेकिन प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद युद्धस्तर पर काम हुआ। सदर एसडीओ चंदन झा, सदर डीएसपी अमित कुमार, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के निर्देश पर घाट को समतल किया गया, स्लोप बनाया गया।
शाम को व्रतियों ने बिना किसी बड़ी परेशानी के अर्घ्य दिया। घाट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि बच्चों और बुजुर्गों को कोई कठिनाई न हो।
कल सुबह होगा महापर्व का समापन—
अब सभी को कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने का इंतजार है। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। प्रशासन ने सुबह के अर्घ्य के लिए भी सुरक्षा, सफाई और बिजली की पूरी तैयारी का दावा किया है।
घाटों पर श्रद्धालुओं ने कहा कि छठ सिर्फ व्रत नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन और परिवार को जोड़ने वाला पर्व है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।



