
मधुबनी में धूमधाम से मनी दीपावली, रोशनी, आतिशबाजी और खुशियों से गूंज उठा शहर
मधुबनी, 08 नवंबर। मधुबनी में दीपावली काफी हर्षोल्लास के बीच मनाई जा रही है। सुबह से ही शहर के बाजारों में चहल-पहल देखी गई, शाम होते ही पूरा शहर दीपों, रंग-बिरंगी लाइटों और आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा। बच्चों में आतिशबाजी को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

शाम को घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश की पूजा हुई। घरों के दरवाजों पर रंगोली बनाई गई, दीये जलाए गए और पूरे घर को फूलों व लाइटों से सजाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे शहर में भाईचारे और खुशहाली का माहौल देखने को मिला।
शहर के मुख्य चौक-चौराहों, मंदिरों और घरों को एलईडी लाइटों, झालरों, फूलों और दीपों से भव्य रूप से सजाया गया है। राम चौक, स्टेशन रोड, शंकर चौक, बड़ी बाजार, गांधी चौक सहित पूरे शहर में रोशनी की ऐसी छटा बिखरी कि रात भी दिन जैसी लग रही थी। दुकानों के बाहर लगी रंग-बिरंगी लाइटें और झालरें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थीं।
दीपावली को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख स्थानों, बाजारों और मंदिर परिसरों में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि लोग शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मना सकें। पुलिस लोगों से सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी कर रही है।



