
MADHUBANI: मां काली के जयकारों से गूंज उठा पुलिस लाइन काली मंदिर, दीपावली पर जगमगा उठा पूरा परिसर, भव्य सजावट बना आकर्षण का केंद्र
मधुबनी, 08 नवंबर। दीपावली पर शहर के राम चौक, पुलिस लाइन स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक काली मंदिर में श्री श्री 108 महाराजधिराज कामेश्वर सिंह काली पूजा समिति के तत्वावधान में माँ काली की पूजा-अर्चना विधि-विधान के साथ प्रारंभ हो गई है।

पूजा समिति के संयोजक महंत रत्नेश्वर दास, प्रभू साह, अध्यक्ष संजीत साह, सचिव सुजीत भंडारी, कोषाध्यक्ष मंदीप साह, कार्यकारी अध्यक्ष बिक्रम साह ने बताया कि काली पूजा का आयोजन 08 से 10 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। काली पूजा उत्सव के दौरान यहाँ माँ काली के भव्य स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना हो रही है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
काली पूजा के पावन अवसर पर इस बार भी पूरे मंदिर परिसर को बेहद खूबसूरती से सजाया गया है।
मंदिर के मुख्य गुंबद, प्रवेश द्वार और परिसर में रंग-बिरंगी आधुनिक एलईडी लाइटों और झालरों की आकर्षक लड़ियां लगाई गई हैं, जिससे रात के समय पूरा परिसर जगमगा उठा है। मंदिर परिसर के सामने स्थित सुंदर पोखर और उसके घाटों को दीपों व रोशनी से सजाया गया है, जिसका प्रतिबिंब पानी में दिखने पर बेहद मनमोहक दृश्य बन रहा है।
यह मंदिर अपनी भव्य कलाकृति, वास्तुकला और विशेष पर्वों पर की जाने वाली आकर्षक विद्युत एवं फूलों की सजावट के लिए पूरे मिथिला में प्रसिद्ध है। यह मंदिर दरभंगा महाराज के काल में निर्मित एक ऐतिहासिक धरोहर है। मंदिर की दीवारों और आस-पास की संरचनाओं पर स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई गई उत्कृष्ट कलाकृति इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रही है। पूजा के संचालक में मालवर यादव, भरत ठाकुर, प्रिन्स कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार, रोहित कुमार सहित अन्य जुटे है।



