
निर्दलीय MLC का भाजपा में जाना जनादेश की डकैती, बिहार में बेरोजगारी, लूट और भ्रष्टाचार चरम पर: ब्रह्मानंद यादव
मधुबनी- 02 नवंबर। रहिका सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष व राजद के वरीय नेता ब्रह्मानंद यादव ने विधान परिषद में हुए दल-बदल पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। श्री यादव ने कहा कि निर्दलीय एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी और डॉ. राहुल राज का जीतते ही भाजपा में शामिल होना लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। यह दोनों निर्दलीय के तौर पर जनता के वोट से जीते, लेकिन सत्ता के लालच में तुरंत भाजपा की गोद में बैठ गए।
दोनों को दल-बदल कानून के तहत अयोग्य करार दिया जाना चाहिए। उन्होंने विधान परिषद के कार्यकारी सभापति से मांग की कि दोनों एमएलसी की सदस्यता तत्काल रद्द की जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो राजद चुनाव आयोग, न्यायालय और जनता की अदालत में यह लड़ाई लड़ेगी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा बिहार में जनादेश की डकैती कर रही है। एक तरफ बिहार की जनता बेरोजगारी, महंगाई, लूट-खसोट और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है, पलायन बढ़ रहा है, सरकारी योजनाओं से लेकर हर विभाग में लूट मची है, वहीं भाजपा विधायकों-पार्षदों की खरीद-फरोख्त में लगी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का असली मकसद बिहार का विकास नहीं, बल्कि अपनी शक्ति बढ़ाना और सहयोगी दल जदयू को कमजोर करना है। राजद इस अलोकतांत्रिक कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेगी।



