
MADHUBANI:- मधेपुर में दो पुल क्षतिग्रस्त, हजारों लोग परेशान: आप नेता गौरीशंकर यादव ने उठाया मुद्दा
मधुबनी- 02 नवंबर। मधेपुर प्रखंड के दो महत्वपूर्ण पुलों के क्षतिग्रस्त होने का मामला आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम प्रकोष्ठ सह अध्यक्ष मिथिलांचल संघर्ष समिति इं. गौरीशंकर यादव ने उठाया है। इं. यादव ने बताया कि पहला पुल द्वालख पंचायत के जानकीनगर टोला में तिलयुगा नदी पर बना है। दूसरा पुल बसीपट्टी पंचायत के छतौनी महादलित टोला के पास स्थित है। दोनों पुलों के दोनों छोर पर बड़े-बड़े गड्ढे और भारी कटाव बन गए हैं, जिससे हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
जानकीनगर पुल लाइफलाइन, हादसे का खतरा-
इं. गौरीशंकर यादव ने कहा कि जानकीनगर टोला वाला तिलयुगा पुल कोसी दियारा के कई गांवों को जोड़ने वाली मुख्य लाइफलाइन है। रोज हजारों ग्रामीण और सैकड़ों वाहन यहां से गुजरते हैं। पुल के दोनों एप्रोच पर बने गड्ढों से हादसे का खतरा है। रात में अंधेरे में गड्ढे दिखते नहीं, कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। अगर समय पर मरम्मत नहीं हुई तो यह रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि बसीपट्टी पंचायत के छतौनी महादलित टोला वाला पुल भी क्षतिग्रस्त है। जिससे स्थानीय महादलित परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
निर्माण और प्रशासन पर सवाल—
इं. यादव ने कहा कि इस क्षेत्र के ज्यादातर पुल 2019-2021 के बीच PMGSY, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बने थे। भूतही बलान नदी पर 2021 में 3 करोड़ की लागत से बना 75 मीटर का पुल भी घटिया निर्माण के कारण 2024 में गिर गया था। विभाग सिर्फ आश्वासन दे रहा है। विभागीय अधिकारी कह रहे हैं कि रेनकट की जानकारी मिल गई है, लेकिन जमीन पर काम नहीं हो रहा। हम मांग करते हैं कि जिला प्रशासन तुरंत दोनों पुलों के एप्रोच की मरम्मत कराए। रात में साइन बोर्ड व बैरिकेडिंग लगाए।



