
मधुबनी- 02 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद दरभंगा विभाग की विभाग स्तरीय बैठक मधुबनी जिला के पंडौल प्रखंड अंतर्गत ब्रह्मोत्तरा स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दरभंगा विभाग मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर बिहार प्रांत के संगठन मंत्री श्री देवी सिंह एवं मठ-मंदिर अर्चक प्रमुख उत्तर बिहार प्रांत के गोपाल सिंह उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ संगठन की पद्धति अनुसार जिला विस्तारक उज्ज्वल कुमार झा द्वारा एकात्मता मंत्र के उच्चारण एवं विजय महामंत्र ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ के सामूहिक जाप के साथ किया गया। जिलामंत्री जीवकांत झा द्वारा पदाधिकारियों का परिचय कराया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य हित चिंतक अभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक को सफल बनाना तथा संगठन को गांव, पंचायत, प्रखंड, नगर, वार्ड एवं बस्ती स्तर तक विस्तार देना रहा। प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह ने कहा कि इस वर्ष अभियान को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल एप के माध्यम से संचालित किया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर और शहर के प्रत्येक वार्ड-बस्ती तक पहुंचकर हिंदू समाज को अभियान से जोड़ेंगे। इसके लिए डिजिटल माध्यम से हजारों एडमिन तैयार किए जाएंगे।
बैठक में जिले के लिए अभियान प्रमुख तय किए गए। जिला अभियान प्रमुख आदित्य झा, सह प्रमुख जीवंत जी एवं तरुण राठौर, बेनीपुर अभियान प्रमुख सुभाष शर्मा, सह प्रमुख बादल झा एवं मुकेश पटेल, झंझारपुर अभियान प्रमुख नवीन ठाकुर, सह प्रमुख विपुल दास बनाए गए। सभी ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। मधुबनी जिला संयोजक तरुण राठौर द्वारा शांति पाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।
बैठक में मंदिर अर्चक प्रमुख प्रकाश मिश्रा, मठ प्रमुख मुकेश ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल मिश्रा, पंडौल नगर अध्यक्ष हरिश्चंद्र राऊत, नगर मंत्री गोनू यादव, प्रखंड सह मंत्री संतोष चौधरी, पीयूष कुमार, राजा कुमार, गौ रक्षा प्रमुख सूरज कुमार राय, लक्ष्मण दास, मुकेश कुमार, प्रियांशु कुमार, बादल झा, कुंदन कुमार, सुभाष कुमार भगवाधारी सहित जिले के लगभग सौ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



