
MADHUBANI: जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन, पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाया हुनर
"एमएलसी घनश्याम ठाकुर ने किया उद्घाटन, लोकगीत से नुक्कड़ नाटक तक प्रतिभाओं का संगम"
मधुबनी, 28 अक्टूबर। युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से बुधवार को नगर भवन में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। उत्सव के अंतर्गत समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित कुल पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

दीप प्रज्वलित कर हुआ उद्घाटन—
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का उद्घाटन विधान पार्षद घनश्याम ठाकुर, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा, उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
युवाओं में दिखा गजब का उत्साह—
उद्घाटन सत्र के बाद दूसरे सत्र में विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। जिले भर से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया।
जिले के प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपने-अपने विधा में उल्लेखनीय प्रतिभा का परिचय दिया। प्रत्येक प्रस्तुति के उपरांत निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया, ताकि वे अपनी कला में और सुधार कर सकें।
आयोजकों ने बताया कि इस युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और उनमें कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना है। ऐसे आयोजन युवाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने तथा मधुबनी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



