
मधुबनी में उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, 2 कारों से 1883 लीटर नेपाली शराब जब्त, 9 तस्कर धराए
मधुबनी- 28 अक्टूबर। जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग का अभियान तेज है। विभाग की ओर से सोमवार और मंगलवार को की गई लगातार कार्रवाई में कुल 1883 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई है। तस्करी में इस्तेमाल हो रही दो लग्जरी कारों को भी जब्त किया गया है, जबकि ड्रोन की मदद से 400 किलो अर्धनिर्मित शराब* का घोल नष्ट किया गया। इस दौरान कुल 9 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक विजय कांत ठाकुर ने बताया कि सोमवार को पहली कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र के लहेरियागंज मुख्य सड़क पर की गई। वहां एक मारुति सुजुकी कार की तलाशी में 15 कार्टन में रखी 155 लीटर देसी शराब बरामद हुई। मौके से तस्कर छोटू पासवान को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई रशीदपुर में हुई, जहां एक स्कॉर्पियो से 60 कार्टन में रखी 540 लीटर देसी शराब बरामद हुई। शराब ढुलाई में इस्तेमाल हो रही स्कॉर्पियो को जब्त कर सुंदर कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को विशेष अभियान में 7 तस्कर गिरफ्तार
अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान में 1188 लीटर देसी शराब बरामद कर 7 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा ड्रोन की मदद से लखनौर थाना क्षेत्र के बथनाहा, बेलाही और मुसहरी में छापेमारी की गई, जहां से 400 किलो अर्धनिर्मित शराब का घोल बरामद कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से जिले में अवैध शराब कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।



