
MADHUBANI: पंचायत रोजगार सेवकों ने DM से मांगा सामूहिक अवकाश, 2-3 नवंबर को पटना के गर्दनीबाग में करेंगे धरना-प्रदर्शन
मधुबनी- 28 अक्टूबर। अपनी लंबित एवं जायज मांगों को लेकर पंचायत रोजगार सेवक संघ, जिला इकाई ने जिलाधिकारी से सामूहिक अवकाश की मांग की है। संघ ने 2 एवं 3 नवंबर 2026 को पटना के गर्दनीबाग में आयोजित दो दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-सह-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अनुमति मांगी है।
जिलाध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि बिहार राज्य पंचायत रोजगार सेवक संघ, बिहार, पटना के आह्वान पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसकी विधिवत सूचना बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी (BRDS), ग्रामीण विकास विभाग, पटना को भी दे दी गई है।
आवेदन में कहा गया है कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत रोजगार सेवकों की लंबे समय से लंबित सेवा-संबंधी समस्याओं एवं जायज मांगों के समाधान हेतु सरकार एवं संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराना है। मधुबनी जिले के सभी पंचायत रोजगार सेवक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से इसमें भाग लेना चाहते हैं।
संघ ने DM से आग्रह किया है कि उनकी एकजुटता, जायज मांगों तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए 2, 3 नवंबर को सामूहिक अवकाश की स्वीकृति प्रदान की जाए।



