JDU ने अनंत सिंह को एक के बाद एक दिया डबल झटका, पहले पति को पार्टी से निकाला, अब पत्नी नीलम देवी से छीना मंत्री का दर्जा!
पटना – 26 अक्टूबर। मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। JDU से निष्कासन के बाद अब अनंत सिंह परिवार पर दूसरा बड़ा प्रहार हुआ है। JDU ने उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को 20 सूत्री समिति से बर्खास्त कर दिया है। पद जाते ही उनसे राज्य मंत्री का दर्जा भी छिन गया है।
बताया जा रहा है कि बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव में अनंत सिंह ने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर बड़ा खेला कर दिया था। उन्होंने NDA समर्थित JDU उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया और जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए पूरी ताकत झोंक दी। JDU आलाकमान को अनंत सिंह की यह बगावत नागवार गुजरी।
इसी बगावत के बाद JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पहले अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया और विधानसभा अध्यक्ष से 10वीं अनुसूची के तहत उनकी विधायकी रद्द करने की अनुशंसा तक कर दी। अब उसी कड़ी में दूसरा एक्शन लेते हुए JDU की अनुशंसा पर सरकार ने नीलम देवी को 20 सूत्री समिति के सदस्य पद से हटा दिया है।
राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को अनंत सिंह को 2026 विधानसभा चुनाव से पहले पूरी तरह साइडलाइन करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। JDU के इस डबल अटैक के बाद मोकामा की सियासत में भूचाल आ गया है।



