
PM मोदी के पिता पर खरगे की टिप्पणी को लेकर सियासत तेज, CM सम्राट ने कहा- कांग्रेस माफी मांगे
पटना, 25 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को इस बयान के लिए तत्काल माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की इस बयान से प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना उजागर होती है। कांग्रेस प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बनाकर राजनीति कर रही है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना रखकर राजनीति करना स्वीकार्य नहीं है और यह अपराध की श्रेणी में आता है। कांग्रेस को पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि पटना में कांग्रेस द्वारा आयोजित बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभा को संबोधित किया था। उनके संबोधन में की गई टिप्पणी को लेकर एनडीए की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।



