
मधुबनी नगर निगम के वार्ड 45 में सड़क पर अतिक्रमण, लोगों की आवाजाही बाधित
मधुबनी 25 अक्टूबर।.मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 45 अंतर्गत बारी टोला लक्ष्मी सागर में सड़क पर अतिक्रमण से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। अतिक्रमण के कारण मुख्य सड़क संकरी हो गई है और आवागमन बाधित हो रहा है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के दोनों किनारे दुकानों का सामान, निर्माण सामग्री और ईंट-पत्थर रखकर अतिक्रमण किया गया है।
नाले की जमीन पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। कई बार नगर निगम प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्लेवासियों ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि सड़क का सर्वे कराकर अतिक्रमण को हटाया जाए और सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके।



