
BIHAR:- मधुबनी में खौफनाक वारदात, अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की हत्या कर शव को दुकान में दफनाया
मधुबनी- 25 अक्टूबर। जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपी ने पहले शव को जलाने का प्रयास किया और फिर उसे जमीन में गाड़कर लकड़ी के बुरादे से ढंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी झंझारपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वादी मो. माजिद आरिफ अंसारी ने अपनी बहन गुलशन खातून के लापता होने को लेकर रुद्रपुर थाने में लिखित आवेदन दिया था। वादी के आवेदन के आधार पर रुद्रपुर थाना कांड के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त मो. अमीरुल्लाह अंसारी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी गुलशन का किसी अन्य पुरुष के साथ अवैध संबंध है। इसी गुस्से में आकर उसने 3 और 4 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1:00 बजे अपनी पत्नी के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद बेहोशी की हालत में ही उसने चाकू से गला काटकर ग्राम जमलिया स्थित अपनी फर्नीचर दुकान में ही उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल पाया। फिर उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए दुकान के अंदर ही जमीन में थोड़ा गड्ढा खोदकर उसे दबा दिया और ऊपर से लकड़ी के बुरादे से ढंक कर छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जमीन से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधि सम्मत कार्रवाई में जुट गई है।



