
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 33 लीटर नेपाली शराब के साथ 1 तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी- 25 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) को बड़ी सफलता मिली है। 48वीं वाहिनी जयनगर की ‘E’ समवाय, सीमा चौकी अखरघाट के जवानों ने 33 लीटर नेपाली शराब जब्त की। शराब के साथ गोविंदा (20) ग्राम केरवा, वार्ड संख्या 07, थाना सहारघाट को पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा स्तंभ संख्या 293 के पास नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में बोरी लेकर प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर बोरी से कुल 33 लीटर बरामद हुई।
पूछताछ में गोविंदा ने बताया कि उसने नेपाल के बिदीबाला क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से शराब खरीदी थी और उसे गांव में बेचने के लिए भारत ला रहा था।
48वीं वाहिनी के अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिए जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



