
MADHUBANI:- जयनगर में ‘कमला महोत्सव’ की तैयारी तेज, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
मधुबनी- 24 अक्टूबर। मिथिला की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और धरोहर के प्रतीक ‘कमला महोत्सव’ के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। जयनगर अनुमंडल परिसर में बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में महोत्सव के आयोजन स्थल, मंच निर्माण, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि कमला महोत्सव सिर्फ एक मेला नहीं बल्कि मिथिला की पहचान है, इसलिए इसे राज्य स्तरीय भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
मंत्री श्री प्रसाद ने निर्देश दिया कि महोत्सव में स्थानीय मिथिला पेंटिंग, लोक गायन, नाट्य कला, हस्तशिल्प और कमला नदी के महत्व को दर्शाने वाले विशेष स्टॉल लगाए जाएं। साथ ही मिथिला के युवा कलाकारों को मंच देने पर जोर दिया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सहित भाजपा व एनडीए के स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी को आपसी समन्वय से महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि इस बार कमला महोत्सव में दरभंगा, मधुबनी, सुपौल सहित नेपाल के भी कलाकारों को आमंत्रित करने की योजना है।



