
मधुबनी उत्पाद विभाग ने 103 जब्त वाहनों की नीलामी से कमाए 17 लाख, निर्धारित मूल्य से दोगुना राजस्व
मधुबनी- 24 अक्टूबर। जिले में मद्य निषेध कानून के तहत विभिन्न कांडों में जब्त वाहनों की नीलामी कर उत्पाद विभाग ने निर्धारित राशि से दोगुने से अधिक राजस्व की वसूली की है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर के नेतृत्व में विभाग ने कुल 103 जब्त वाहनों की नीलामी कराई। नीलामी के लिए इन वाहनों का कुल निर्धारित मूल्य 7 लाख 87 हजार 300 रुपये तय किया गया था, जबकि बोली के बाद विभाग को कुल 16 लाख 97 हजार 100 रुपये की प्राप्ति हुई।
इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान चलाकर वाहनों को जब्त किया जाता है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त वाहनों का नियमानुसार निपटारा कर नीलामी की जाती है।
उन्होंने कहा कि नीलामी का उद्देश्य जब्त वाहनों का समय पर निष्पादन और सरकारी राजस्व में वृद्धि करना है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई इस नीलामी में अनुमान से काफी अधिक राशि मिलना विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



