
MADHUBANI:- पंडौल में ईंट भट्ठे पर महिला मजदूर से छेड़छाड़ का विरोध करने पर जानलेवा हमला, 1 का सिर फटा – थाना में FIR के लिए आवेदन
मधुबनी- 24 अक्टूबर। पंडौल थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाली एक महिला मजदूर के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए दूसरे मजदूर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में मजदूर अनिल झा का सिर फट गया, जबकि पीड़ित महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार पीड़िता मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और अपने पति के साथ उक्त ईंट भट्ठे पर मजदूरी करती है। वहीं गंभीर रूप से घायल अनिल झा दरभंगा जिले के निवासी हैं। घटना के संबंध में अनिल झा ने पंडौल थाने में पंडौल निवासी नागमणि सिंह सहित कई अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में बताया गया है कि 21 अक्टूबर की शाम पीड़िता अपने पति के साथ कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी अपने सहयोगियों के साथ जबरन कमरे में घुस गया और महिला के साथ मारपीट की।
महिला का रोना-चिल्लाना सुनकर जब अनिल झा उसे बचाने पहुंचे तो दबंगों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अन्य मजदूरों की मदद से दोनों घायलों का इलाज कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले का संज्ञान लेकर जांच में जुट गई है।



