MADHUBANI भैरवस्थान: सर्वसीमा वार्ड-12 में 22 वर्षीय विवाहिता की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी
मधुबनी – 20 अक्टूबर। जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा पंचायत के वार्ड सं.12 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय विवाहिता काजल चौधरी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
काजल चौधरी सिघेश्वर चौधरी और दुर्गा देवी की पुत्री बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है और इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, पुलिस जांच में जुटी—
सूचना मिलते ही भैरवस्थान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। मृतका के शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान पाए गए हैं। हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पारिवारिक विवाद, ससुराल में प्रताड़ना या अन्य एंगल से पुलिस जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
इधर, मृतका के मायके में मातम पसरा है। मां दुर्गा देवी और पिता सिघेश्वर चौधरी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।



