
सर सैयद के शैक्षणिक मिशन को आगे बढ़ाना वक्त की जरूरत: नजरे आलम
दरभंगा, 17 अक्टूबर। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं महान समाज सुधारक सर सैयद अहमद खान की जयंती पर ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवाँ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जदयू नेता नजरे आलम ने उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की।

नजरे आलम ने कहा कि सर सैयद अहमद खान ने शिक्षा को समाज की तरक्की, जागरूकता और आत्मसम्मान का सबसे मजबूत हथियार बनाया। उन्होंने ऐसे दौर में आधुनिक शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज को इसकी सबसे अधिक जरूरत थी। उनके विचार आज भी हमें यह संदेश देते हैं कि शिक्षा के बिना किसी समाज की वास्तविक तरक्की संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि सर सैयद के सपनों को साकार करने के लिए नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना जरूरी है। सर सैयद को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके शैक्षणिक मिशन को आगे बढ़ाकर एक शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करेंगे।
नजरे आलम ने युवाओं से सर सैयद के विचारों को अपनाने, शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाने और समाज व देश की तरक्की में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।



