BIHAR:- दशहरा को लेकर पशु हाट में बढ़ी चहल-पहल, बलि के लिए बकरे की खरीदारी को उमड़ रही भीड़
अररिया, 17 अक्टूबर। शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर जिले के पशु हाटों में बकरा खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। शनिवार को अररिया के बाजार समिति गेट, सिमराहा, बथनाहा, फारबिसगंज और नरपतगंज में लगने वाले मवेशी हाट में बकरों की खरीददारी के लिए खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। पूजा को लेकर छागर और खस्सी की खरीदारी तेज रही।
दरअसल, शारदीय नवरात्र में महानवमी के दिन मन्नत पूरी होने पर शक्ति की देवी मां दुर्गा के सामने बकरों की बलि देने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। महानवमी पर सैकड़ों बकरों की बलि दी जाती है। इस बार भी खस्सी में हीरा, करिया और गगनी प्रजाति की मांग अधिक है और यही खरीदारों की पहली पसंद बनी हुई है। अधिक मांग के कारण कीमत भी अच्छी मिल रही है। ग्रामीण इलाकों के साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार पशुओं की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। सुबह से ही बाजार में खरीद-बिक्री का सिलसिला जारी है। खरीदार पशुओं का आकार, बनावट और कीमत देखकर मोलभाव कर रहे हैं। वहीं, पशु विक्रेताओं को भी पूजा के मौके पर बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
बाजार में प्रति खस्सी 10 हजार से 25 हजार रुपये* तक बिक रही है, जबकि छोटे आकार के खस्सी 3 हजार से 10 हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं। पूजा के नजदीक आने के साथ पशु बाजार में खरीदारी और बढ़ने की संभावना है। त्योहार के दौरान धार्मिक परंपराओं का पालन करने के लिए लोग पहले से ही पशुओं की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार में सुबह से शाम तक चहल-पहल बनी हुई है।



