
MADHUBANI:- रहिका में पैक्स की 6 कट्ठा 10 धुर जमीन पर अंचल कार्यालय का अतिक्रमण, अध्यक्ष ने आंदोलन की चेतावनी दी
मधुबनी- 09 अक्टूबर। रहिका पंचायत पैक्स की जमीन अतिक्रमण का मामला गरमा गया है। पैक्स अध्यक्ष सह ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक राज्य कमेटी सदस्य
प्रेम कुमार झा ने आरोप लगाया है कि रहिका अंचल सह प्रखंड कार्यालय द्वारा पैक्स की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया है।
प्रेम कुमार झा ने बताया कि यह मुद्दा 18 मार्च 2026 के पैक्स चुनाव में उनके घोषणा पत्र का मुख्य मुद्दा था। मतदाताओं से वादा किया था कि अतिक्रमित जमीन को मुक्त कराया जाएगा। इसी वादे पर 9 अक्टूबर से इसकी शुरुआत करते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी को सभी कागजातों के साथ आवेदन दिया गया है।
तीन बार मिला था एनओसी, बना है गोदाम
अध्यक्ष ने बताया कि पैक्स को कुल 6 कट्ठा 10 धुर जमीन अंचलाधिकारी द्वारा तीन बार में एनओसी के तौर पर मिली थी।
पहली बार 2013 में 1 कट्ठा 10 धुर और फिर 2 कट्ठा 10 धुर गोदाम बनाने के लिए दी गई, जिस पर गोदाम बना हुआ है। कुल 4 कट्ठा 10 धुर पर गोदाम है। दूसरी बार 2018-19 में राइस मिल लगाने के लिए जमीन कम पड़ रही थी, उसके लिए 2 कट्ठा 02 धुर 04 कनमा का एनओसी मिला था।
राइस मिल जनवरी 2021 में विभाग द्वारा जिला को भेजा गया और पैक्स को राइस मिल देने का लिखित आदेश भी आ गया था, लेकिन फरवरी 2021 में चुनाव की घोषणा हो गई।
श्री झा ने कहा कि 2005 से 2021 तक उनके तीन टर्म के कार्यकाल में ही ये सभी काम हुए थे। इसके बाद जमीन पर अतिक्रमण हो गया और राइस मिल भी वापस चला गया।
आमरण अनशन तक की चेतावनी—
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जमीन अतिक्रमण मुक्त नहीं हुई तो पैक्स के सभी मतदाता सदस्यों की आम सभा बुलाकर आंदोलन और आमरण अनशन तक किया जाएगा।



