
मधुबनी के चर्चित चौक का नाम 11वीं बार बदला, अब ‘सेवा ज्योति चौक’, लोगों में चर्चा तेज, समाजसेवी प्रह्लाद कुमार पूर्वे ने कविता के माध्यम से कहा, चौक बेचारा पूछता है हाथ जोड़कर- अगला बोर्ड लगेगा अब किस ओरिकर?”
मधुबनी- 09 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 22 और 29 के बीच स्थित ऐतिहासिक चौराहे का नाम एक बार फिर बदल दिया गया है। अब इसे ‘सेवा ज्योति चौक’ के नाम से जाना जाएगा। 75 साल में यह 11वीं बार है जब इस चौक की तख्ती बदली गई है।
इसको लेकर समाजसेवी प्रह्लाद कुमार पूर्वे ने एक व्यंग्यात्मक कविता के माध्यम से प्रशासन पर निशाना साधा है।
पूर्वे ने बताया कि यह चौक पहले खादी भंडार के नाम से जाना जाता था। आजादी के बाद यहां सूत कताई का काम होता था। फिर यह नाका चौक बना, जहाँ पुलिस चौकी थी। इसके बाद म्युनिसिपैलिटी कार्यालय होने से मुंशपेल्टी चौक, फिर पोस्टमार्टम हाउस होने से पोस्टमार्टम चौक कहलाया।
इसके बाद रेड क्रॉस चौक, सेल टैक्स चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, नगर निगम चौक और महाराणा प्रताप चौक के नाम से इसकी पहचान रही। अब नगर निगम ने नया बोर्ड लगाकर इसे ‘सेवा ज्योति चौक’ कर दिया है।
पूर्वे ने अपनी कविता में लिखा है – “तख्तियाँ बदलती हैं, बदलती है सियासत, नाम बदलने की यहाँ अजीब है आदत। चौक बेचारा पूछता है हाथ जोड़कर – अगला बोर्ड लगेगा अब किस ओरिकर?”
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाम बदलने से विकास नहीं होता, इस चौक पर जलजमाव और अतिक्रमण की समस्या आज भी वैसी ही बनी हुई है।



