
महागठबंधन का आक्रोश मार्च- चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, लोकतंत्र बचाने की मांग
मधुबनी- 08 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कथित फर्जी वोटर जोड़े जाने के विरोध में महागठबंधन दलों ने फुलपरास लोहिया चौक से प्रखंड मुख्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला ।प्रखंड कार्यालय परिसर में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। महागठबंधन के नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। बिहार में वोट चोरी की गई है।
महागठबंधन के वरिष्ठ नेता राम बहादुर यादव, ब्रह्मानंद यादव, उमेश यादव, रामचंद्र यादव, होली मुखिया, रणधीर सिंह, उमेश राय, बबीता राय सहित राजद, कांग्रेस, वामदल और वीआईपी के सैकड़ों कार्यकर्ता लोहिया चौक से नारे लगाते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे।
राम बहादुर यादव ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा की बी-टीम बन गया है। फर्जी डिग्री वोटर और फर्जी जमाबंदी से वोटर लिस्ट में घुसपैठ कराई जा रही है। ब्रह्मानंद यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तुरंत हटाया जाए। SIR के नाम पर गरीब, दलित और अल्पसंख्यकों का नाम काटा गया है। महागठबंधन दलों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें फर्जी स्नातक वोटरों की उच्च स्तरीय जांच और चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग की गई।



