भारत

रेलवे का बड़ा ऐलान- दुर्गा पूजा पर 51 स्पेशल ट्रेनें और 24 घंटे मिलेगी सेवा, सभी स्टेशनों पर रुकेंगी गैलपिंग

कोलकाता- 07 अक्टूबर। दुर्गा पूजा से पहले और पूजा के दिनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 24 घंटे ट्रेन सेवा सुचारू रखने की घोषणा की है। इसके तहत कई पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। केवल स्पेशल ट्रेनें ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भी रेलवे ने कई कड़े कदम उठाए हैं।

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 10 से 15 अक्टूबर तक सियालदह-लालगोला सेक्शन पर प्री-पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। वहीं, 16 से 21 अक्टूबर तक कुल 51 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें से 38 स्पेशल ट्रेनें रात (ओवरनाइट) और 13 स्पेशल ट्रेनें शाम के समय चलेंगी। इसके अलावा, रेलवे ने फैसला किया है कि पूजा के दिनों में दोपहर दो बजे के बाद चलने वाली सभी मेमू और ईएमयू ट्रेनें सभी स्टेशनों पर रुकेंगी।

बुधवार को जारी अधिसूचना में रेलवे ने स्पष्ट किया कि पूजा के दिनों में प्रतिदिन 51 स्पेशल ईएमयू ट्रेनें चलेंगी, जबकि 10 से 25 अक्टूबर के बीच लंबी दूरी की कुल 80 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। उपनगरीय यात्रियों की सुविधा के लिए पूजा के दिनों में दोपहर दो बजे के बाद गैलपिंग ईएमयू (तेज गति वाली लोकल ट्रेनें) भी सभी स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके अतिरिक्त, पूजा के दौरान सियालदह के उत्तर, मेन और दक्षिण सेक्शन में शाम के ‘पीक आवर’ में 13 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं, देर रात मेन, उत्तर और दक्षिण सेक्शन में 38 ओवरनाइट स्पेशल ईएमयू ट्रेनें दौड़ेंगी।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त ट्रेनों के रेक स्टैंडबाय पर रखे जाएंगे। रिजर्व लोको क्रू, लगातार घोषणाओं के लिए विशेष टीम, मेडिकल बूथ और हेल्प डेस्क के लिए टीमें मुस्तैद रखी जा रही हैं। यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सियालदह, बालीगंज और दमदम स्टेशनों पर अतिरिक्त शौचालय ब्लॉक बनाए गए हैं। राणाघाट स्टेशन पर अस्थायी बुकिंग और निकास (एग्जिट) काउंटर बनाए गए हैं, जबकि बैरकपुर-राणाघाट छोर के पास नया टिकट काउंटर शुरू किया गया है।

सिर्फ इतना ही नहीं, लाखों यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे एक ‘वार रूम’ (नियंत्रण कक्ष) चालू रहेगा। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर स्टेशन पर भीड़ की लगातार निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए जाएंगे।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने कहा कि दुर्गा पूजा बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार है। प्रत्येक यात्री और दर्शनार्थी के लिए सुरक्षित तथा निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना हमारा मुख्य लक्ष्य है। ओवरनाइट सेवा और 24 घंटे वार रूम के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। त्योहार के दिनों में यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए हमारी सभी फ्रंटलाइन टीमें 24 घंटे तैयार हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!