
BIHAR:- युवा अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या के विरोध में कटिहार कोर्ट में ‘पेन डाउन’, न्यायिक कार्य ठप
कटिहार- 06 अक्टूबर। युवा अधिवक्ता अजीमुद्दीन उर्फ गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े हुई बर्बर हत्या के विरोध में कटिहार न्यायालय परिसर में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। अधिवक्ता संघ के आह्वान पर वकीलों ने ‘पेन डाउन’ कर न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया, जिससे अदालतों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।
कार्य बहिष्कार के बाद अधिवक्ता संघ भवन में अध्यक्ष महानंद यादव की अध्यक्षता में शोकसभा हुई। अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि दी। मंच संचालन सचिव विजय कुमार झा ने किया। शोकसभा में सचिव विजय कुमार झा ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। जिले में वकीलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
संघ ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। अधिवक्ताओं ने संतोष जताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वक्ताओं ने कहा कि इस नृशंस वारदात से खासकर जूनियर अधिवक्ताओं में आक्रोश और असुरक्षा की भावना है।
शोकसभा में अधिवक्ता की आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य देने की प्रार्थना की गई। मौके पर सुशील कुमार झा, मुनेश्वर प्रसाद यादव, राजेंद्र कुमार मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, विनोद कुमार, भास्कर सिंह, पवन दुबे, यशस्वी कुमार अग्रवाल, महिमा केजरीवाल सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद थे।



