
दरभंगा शहर में छठ घाट तैयारी शुरू, नगर आयुक्त ने किया 4 वार्डों के पोखर-घाटों का निरीक्षण
दरभंगा- 01 अक्टूबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज नगर आयुक्त सुश्री गरिमा लोहिया ने वार्ड संख्या 1, 2, 4 एवं 5 के विभिन्न पोखरों एवं छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वार्ड पार्षदों से घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, पहुंच पथ और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जानकारी ली। पार्षदों ने स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया।
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी चिन्हित घाटों की साफ-सफाई, जलकुंभी हटाने, घाटों तक सुगम आवागमन और कचरा प्रबंधन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि छठ पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देना निगम की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और तैयारियों की लगातार निगरानी करें।
इस दौरान उप नगर आयुक्त डॉ. जयचंद्र अकेला, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



