
मुजफ्फरपुर: Best Electoral Award पाने वाले B.L.O. पद से हटाए गए, राजनीतिक पोस्ट का आरोप
मुजफ्फरपुर- 29 सितंबर। मीनापुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 65 के B.L.O. विवेक कुमार को B.L.O. के कार्य से मुक्त कर दिया गया है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट जारी की है। दरअसल, मीनापुर निवासी सोनू पांडेय ने समाहरणालय में शिकायत की थी कि 16वें मतदाता दिवस 2026 में Best Electoral Award पाने वाले और 12 वर्षों से B.L.O. का कार्य कर रहे विवेक कुमार को किस कारण से हटाया गया, इसकी जांच हो।
शिकायत के आलोक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, मीनापुर ने जांच की। जांच में बताया गया कि B.L.O. को राजनीतिक रूप से तटस्थ रहना अनिवार्य है। प्रशासन के अनुसार विवेक कुमार द्वारा फेसबुक पर ‘क्षत्रिय विवेक’ नाम से राजनीतिक पोस्ट किए जा रहे थे। रिपोर्ट में तीन पोस्ट का हवाला दिया गया है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन में एक दल विशेष के प्रत्याशी का प्रचार-प्रसार। 04 जून 2026 को पोस्ट – “हम सब का एक ही मिशन, तिरहुत मांगे गोपी किशन मिशन 2026” तथा “शिक्षकों के वोट से चुनाव जीतने के बाद अब शिक्षकों के साथ ये क्या हो रहा है?” शीर्षक से जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखे पत्र को फेसबुक पर सार्वजनिक करना।
इन्हीं कारणों से उन्हें राजनीतिक रूप से तटस्थ नहीं पाए जाने पर 90-मीनापुर विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के पत्र और अपर समाहर्ता, विभागीय जांच के बाद द्वारा B.L.O. के कार्य से पदमुक्त किया गया है। सबूत के तौर पर उनके 4 फेसबुक पोस्ट संलग्न किए गए हैं। इधर, इस कार्रवाई के बाद शिक्षक संगठनों में चर्चा तेज है कि क्या सोशल मीडिया पोस्ट को राजनीतिक सक्रियता माना जा सकता है।



