
डीप डिप्रेशन का असर, झारखंड में 28 सितंबर से मिलेगी बारिश से राहत
रांची- 24 सितंबर। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में बना डीप डिप्रेशन (गहन अवदाब) 27 सितंबर से कमजोर पड़ेगा, जिससे झारखंड में 28 सितंबर से बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को बताया कि 25 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और इससे लगे उत्तरी जिलों – हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा 26 और 27 सितंबर को भी गर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना है। रांची सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार को भी बारिश हो सकती है, हालांकि राजधानी में भारी बारिश में कमी आएगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 128.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद जिले के बाघमारा में दर्ज की गई, जबकि रांची में 52 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 30.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 28.3 और न्यूनतम 23.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.6 और न्यूनतम 24.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.4 और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



