
BIHAR:- समस्तीपुर जंक्शन पर AC फर्स्ट क्लास से भारी मात्रा में शराब के साथ मॉडल युवती गिरफ्तार
समस्तीपुर- 06 सितंबर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच समस्तीपुर जंक्शन पर बड़ा कांड सामने आया है। नई दिल्ली से जयनगर जा रही 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के H-1 AC फर्स्ट क्लास कोच, बर्थ संख्या-7 से RPF, GRP और CIB की संयुक्त टीम ने करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मॉडल युवती एक यूवक के साथ शराब दो सूटकेस में छिपाकर लाई जा रही थी। जांच के दौरान सूटकेस खोलते ही ब्रांडेड शराब की बोतलें मिलीं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। उसके साथ में हरियाणा के करनाल निवासी ईशान कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
जीआरपी थानाध्यक्ष वी कुमार राय ने बताया है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई और किसके लिए जा रही थी। फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया गया है और तस्करी नेटवर्क की जांच चल रही है।



