
सीबीआई से नहीं, उसके राजनीतिक कार्यशैली से हमारा विरोध: तेजस्वी
पटना- 31 अगस्त। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिहार में सीबीआई की एंट्री बंद किये जाने पर आज ट्वीट करते हुए अपना विचार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि हमें सीबीआई की रेड से आपत्ति नहीं है, बल्कि इनके पॉलिटिकल कैरेक्टर से हमारा विरोध है। सीबीआई भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। हम केवल उसका विरोध कर रहे हैं। आखिर क्या कारण है कि इन आठ वर्षों में भाजपा नेताओं के यहां छापेमारी नहीं हुई।
तेजस्वी यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से कहा है, ‘केंद्र सरकार ने बीते 8 वर्ष में जांच एजेंसियों को राजनीतिक प्रतिशोध का एक उपकरण बना दिया है। आठ साल पूर्व देशवासियों ने इनकी इंटेग्रिटी व कार्यप्रणाली पर इस तरह के सवाल कभी नहीं उठाए थे। अभी हमारा विरोध सीबीआई से नहीं बल्कि इनकी राजनीति से प्रेरित कार्यप्रणाली से है। जांच एजेंसियां केवल व केवल विपक्ष शासित राज्य और वहां के नेताओं पर ‘छापे मारकर’ अपने राजनीतिक मालिकों को प्रसन्न करने की कोशिश करती है। भाजपा के लगभग 300 से ऊपर एमपी और 1000 से अधिक विधायकों पर इन एजेंसियों द्वारा आज तक कोई रेड नहीं पड़ी। इसलिए इनके राजनीतिक कार्यशैली से हमारा विरोध है।’



