
रक्षाबंधन पर बिहार सरकार का तोहफा, 27 और 28 अगस्त को महिलाएं सरकारी बसों में करेंगी निःशुल्क यात्रा
पटना- 26 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं को बड़ी सौगात दी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में 27 और 28 अगस्त को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। परिवहन सचिव राजकुमार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, यह सुविधा 27 अगस्त (बुधवार) सुबह 6 बजे से 28 अगस्त (गुरुवार) रात 10 बजे तक लागू रहेगी। BSRTC की करीब 1075 बसों में महिलाएं बिना टिकट यात्रा कर सकेंगी। इसमें एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, पीएम ई-बस और पीपीपी मोड पर चलने वाली सभी बसें शामिल हैं।
इस दौरान यात्रा करने वाली किसी भी महिला, छात्रा से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। शून्य रुपये का टिकट जारी किया जाएगा। शहर के भीतर चलने वाली सिटी बस, एक जिले से दूसरे जिले जाने वाली और अंतरराज्यीय मार्गों पर जाने वाली सभी सरकारी बसों में यह सुविधा मिलेगी। सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि व्यवस्था सुचारू रहे। रोजाना इन बसों में 1 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं, जिनमें आधी संख्या महिलाओं की होती है।
परिवहन विभाग के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा और आरामदायक सफर के लिए चलाई जा रही पिंक बस सेवा को भी इसमें शामिल किया गया है।
सरकार का उद्देश्य है कि रक्षाबंधन पर कोई भी बहन आर्थिक बाधा के कारण अपने भाई तक पहुंचने से वंचित न रहे। वह ऑफिस, कोचिंग, बाजार या मायके कहीं भी बिना किराया चुकाए जा सकेंगी।



