
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के राजनीति में आने की अटकलें तेज, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात
नई दिल्ली, 29 नवंबर। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के राजनीति में कदम रखने की अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चा है कि शमी जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक शमी या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इन अटकलों को उस समय और बल मिला, जब मोहम्मद शमी ने बीती रात दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात दिल्ली स्थित नितिन नबीन के कार्यालय में हुई। इस बैठक की व्यवस्था भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कराई थी।
शमी और भाजपा अध्यक्ष के बीच हुई इस मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में इसे महज शिष्टाचार भेंट के बजाय संभावित राजनीतिक शुरुआत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि शमी की राजनीति में आने की कोई योजना है या यह मुलाकात केवल व्यक्तिगत और औपचारिक थी। फिलहाल, क्रिकेट प्रेमियों और राजनीतिक हलकों की नजरें शमी के अगले कदम पर टिकी हैं।



