बिहार

मधुबनी में साइकिल के पहियों संग दौड़ा फिटनेस और राष्ट्रभक्ति का जुनून, ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण ऐतिहासिक बना

मधुबनी, 29 नवंबर। प्रधानमंत्री के फिटनेस संदेश एवं केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के आह्वान पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत (MY Bharat), मधुबनी के तत्वावधान में रविवार को फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें ऐतिहासिक संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। ‘ओलंपिक के सपने की ओर बढ़ते कदम’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस, खेल भावना, राष्ट्रभक्ति, एकजुटता एवं नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया।

सुबह वाटसन उच्च विद्यालय परिसर से साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ। रैली थाना मोड़, रेलवे स्टेशन, गंगासागर चौक, महिला कालेज एवं बाटा चौक होते हुए पुनः थाना मोड़ के रास्ते वाटसन उच्च विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान युवाओं के उत्साह, ऊर्जा एवं राष्ट्रभक्ति के नारों से शहर का वातावरण गुंजायमान रहा। प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘नशा मुक्त भारत’, ‘देश का युवा कैसा बनेगा – विकसित बनेगा, नशा मुक्त बनेगा’ तथा ‘कॉमनवेल्थ गेम की बारी है, ओलंपिक की तैयारी है’ जैसे जोशीले नारों से आमजन को फिटनेस, खेल एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने 100 की मानव आकृति बनाकर देश के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव ने प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी अमरेंद्र कुमार अमर ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। ‘संडेज ऑन साइकिल’ जैसे आयोजन युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें खेल, सामाजिक सहभागिता एवं नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं।

विशिष्ट अतिथि जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी (DPO) आनंद अंकित ने कहा कि फिटनेस केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन और सकारात्मक सोच से जुड़ा जीवन दर्शन है। साइकिल चलाना पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर विकल्प है। इस अवसर पर +2 वाटसन उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार, सूडी स्कूल के प्रधानाध्यापक, शिक्षक पवन कुमार सिंह, मुकेश कुमार झा, सचिन, संतोषजी, सतीशजी तथा जिला साइकिल एसोसिएशन के संचालक अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्रवण प्रधान, सक्सेना सिंह, ललित झा, साक्षी झा, इंद्रजीत कुमार, रोहित कुमार, रहमतउल्लाह, प्रियरंजन, दीपक कुमार, विश्वजीत कुमार, रंजीत कुमार, मानवी कुमारी, रीना कुमारी एवं कन्हैया कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!