
MADHUBANI:- वायरल ऑडियो पर SSP का बड़ा एक्शन, खजौली थाने के ASI राजेन्द्र कुमार चौरसिया निलंबित, लाइन हाजिर
मधुबनी, 29 नवंबर। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने खजौली थाना के पुअनि राजेन्द्र कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा एक महिला से जब्त बाइक को मुक्त कराने की प्रक्रिया के संबंध में बातचीत करते हुए उन्हें थाना से बाहर मिलने के लिए कहा जा रहा है तथा संदिग्ध आचरण प्रदर्शित किया जा रहा है।
उक्त ऑडियो का वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया एवं मामले की जांच हेतु अंचल निरीक्षक, खजौली को निर्देशित किया गया। जांच सत्यापन के क्रम में पाया गया कि ऑडियो में आवाज खजौली थाना में पदस्थापित पुअनि राजेन्द्र कुमार चौरसिया की है। जांच जल्द पूर्ण कर रिपोर्ट देने हेतु निर्देशित किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया पुअनि राजेन्द्र कुमार चौरसिया की संलिप्तता एवं संदिग्ध आचरण परिलक्षित हुई है। एक पुलिस पदाधिकारी का इस प्रकार का आचरण अत्यंत अशोभनीय, अनुशासनहीनता का परिचायक एवं पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला है। वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ कर लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मधुबनी पुलिस ने कहा है कि वह किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार एवं अनुशासनहीनता के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य करने हेतु प्रतिबद्ध है।



