
यूरिया न मिलने पर नाराज किसानों ने किया हंगामा
फिरोजाबाद-02 दिसम्बर। फसल में लगाने के लिए किसानों को यूरिया की आवश्यकता है। खुदरा बाजार में महंगी मिलने के कारण किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। किसानों की उमडी भीड़ के कारण किसानों को यूरिया मिलने में परेशानी हो रही है।
किसानों की समस्यायों को देखते हुए गुरुवार को भाकियू किसान ने जसराना के मुस्तफाबाद रोड पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि अगर किसानों को यूरिया नहीं मिली तो आंदोलन होगा। भारतीय किसान यूनियन किसान के युवा जिलाध्यक्ष बिरजू यादव एवं संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री विजेंद्र सिंह टाईगर ने इफको केंद्र पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि किसान यूरिया के लिए सुबह से लेकर सायं तक लाईन में लगा रहता है लेकिन उसको यूरिया नहीं मिल पा रही है जबकि रसूखदार लोग आसानी से यूरिया को ले जा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि अगर समय से यूरिया नहीं मिली तो पैदावार के प्रभावित होने की संभावना है। किसानों ने बताया मौसम खराब हो गया है बरसात हो सकती है। अगर बरसात हुई तो फिर यूरिया की तुरंत ही आवययकता होगी। बिरजू यादव ने कहा अगर किसानों को समय से यूरिया नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा।



