पटना- 20 सितंबर। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह ललन ने कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है लेकिन कोई चर्चा नहीं हो रही है। खाद्य पदार्थ पर जीएसटी लगाया और रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा पूंजीपति को दे रहे हैं। देश में जो व्यवसायी पूंजी के मामले में वर्ष 2013 में नौवें स्थान पर था आज वह दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
ललन सिंह जदयू के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को महिला, अतिपिछड़ा, किसान एवं सहकारिता, व्यावसायिक एवं उद्योग, पंचायती राज, श्रम एवं तकनीकी तथा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में सभी लोग समन्वय के साथ काम करें। हर घर तक पहुंचना है। हमें खुद से, दूसरे प्रकोष्ठों, जिलों एवं अन्य साथी से प्रतिस्पर्धा करना होगा। क्योंकि, हमारा लक्ष्य है नीतीश को सर्वशक्तिमान बनाना।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नेता के प्रति निष्ठा आवश्यक है। उनके विचार और कार्यों को हम सभी जन-जन तक पहुंचाएं। सदस्यता अभियान इसमें काफी मददगार हो सकता है। सभी प्रकोष्ठ का टारगेट तय किया गया है, उसे पार करने में सभी लग जाएं। हमारे बेहतर काम का परिणाम संगठन एवं चुनाव में मिलेगा जिससे हमारे नेता सशक्त होंगे। भाजपा जाति और धर्म के नाम पर बांटने और देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को समाप्त करने की साजिश रच रही है।
बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों के 22 जिला अध्यक्षों ने भी विचार रखे।
