[the_ad id='16714']

मप्र विस चुनावः आपसे किया हर वादा होगा पूरा, ये मोदी की गारंटीः PM मोदी

भोपाल- 13 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, वह मध्यप्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला, आत्मनिर्भर और युवाओं,महिलाओं और हर वर्ग को सशक्त बनाने वाला है। भाजपा का संकल्प पत्र आदिवासियों,पिछड़ों,दलितों, गरीबों को नया संबल देने वाला है। ये आप सभी लोगों को मजबूत जिंदगी देने वाला संकल्प पत्र है। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि वह जो कहती है, वो करके दिखाती है। आप मेरे शब्द लिखकर रख लीजिए,आपसे किया गया हर वादा पूरा होगा, ये मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार शाम को बड़वानी जिले के तलून में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के इतिहास में आदिवासियों के योगदान को बड़वानी और मालवा निमाड़ से बेहतर और कौन जान सकता है। यह भूमि जनजातीय महापुरुष भीमा नायक, खज्या नायक और टंट्या मामा की प्रेरणास्थली है। मैं इस पवित्र भूमि को नमन करता हूं। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा का जन्म दिवस है। यह गर्व की बात है कि भाजपा सरकार को भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का अवसर मिला। हमारे आदिवासी समाज ने भारत को कैसे सशक्त बनाया, संस्कृति को कैसे संरक्षित और समृद्ध किया, आजादी के आंदोलन में उनका क्या योगदान रहा, जनजातीय गौरव दिवस इसे याद करने का बहुत बड़ा दिन बन गया है।

कांग्रेस ने आदिवासियों को नजरअंदाज किया, भाजपा ने दिया सम्मान

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया। आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाने और उसे सामाजिक न्याय दिलाने का काम भाजपा ने किया है। यह मेरा एक और सौभाग्य है कि परसों में झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के गांव जा रहा हूं वहां से पूरे देश के आदिवासी समाज के लिए बहुत बड़ी योजना की शुरुआत होने वाली है।

खाली तिजौरी भरने के लिए मध्यप्रदेश पर कब्जा जमाना चाहती है कांग्रेस

मोदी ने कहा कि यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस के चुनाव नहीं है। यह चुनाव प्रदेश का उज्जवल भविष्य तय करने वाला चुनाव है। कांग्रेस के नेता एमपी को अंधेरे कुएं में धकेलने के लिए जिम्मेदार हैं। भाजपा प्रदेश को अंधकार से बाहर निकाल कर लाई है। एक तरफ कांग्रेस है जो सिर्फ अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए मध्यप्रदेश पर अपना कब्जा जमाना चाहती है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में देखिए कैसे कांग्रेस की काली कमाई के नोटों के ढेर रोजाना निकल रहे हैं। अगर ये काली कमाई नहीं है, तो गद्दे के नीचे क्यों छुपाते हैं। ऐसे लोगों को पकड़ना चाहिए कि नहीं पकड़ता चाहिए? मैं इन्हें पकड़ता हूं इसीलिए आप मुझे इतना प्यार करते हैं और वह उतनी ही गालियां देते हैं। लेकिन वो कितनी भी गालियां दे दें, आपका प्यार उन्हें चूरचूर कर देता है। एक तरफ कांग्रेस का चरित्र है, दूसरी तरफ भाजपा है जो सेवा के संकल्प और राष्ट्रप्रथम के अपने मिशन को आगे बढ़ा रही है।

मध्यप्रदेश एक स्वर से कह रहा-फिर एक बार, भाजपा सरकार

उन्होंने कहा कि आज भारत को विश्व पटल पर नई बुलंदियां मिली हैं। अमेरिका, जर्मनी, कनाडा, जहां भी जाइये हिंदुस्तान की जय-जयकार हो रही है। भारत की यह जय-जयकार मोदी के कारण नहीं हो रही है, बल्कि आपके एक वोट के कारण हो रही है। आपने अपना वोट देकर मोदी को मजबूत बनाया और देश में एक मजबूत सरकार बनी। आज जब मोदी दुनिया के किसी बड़े-बड़े दिग्गज से हाथ मिलाता है, तो देश के 140 करोड़ लोग मेरे साथ खड़े होते हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश का भी माथा गर्व से ऊंचा होना चाहिए या नहीं? पूरे देश में मध्यप्रदेश की जय-जयकार होनी चाहिए कि नहीं? आपका एक वोट ये काम कर सकता है। आप मुझे मजबूत बना दीजिए, मध्यप्रदेश मजबूत बन जाएगा। भारत को विकसित राष्ट्र बनाना भाजपा का संकल्प है और विकसित भारत का यह संकल्प एमपी के विकसित भविष्य से जुड़ा है। इसीलिए आज पूरा मध्यप्रदेश एक स्वर से कह रहा है-फिर एक बार भाजपा सरकार।

कांग्रेस आई, तबाही लाई

मोदी ने कहा कि आजकल मध्यप्रदेश में एक नारा गूंज रहा है, जो लोगों के दिलों से निकला है। यह नारा है- कांग्रेस आई तबाही लाई। मध्यप्रदेश ने तो इसे भोगा है। बीते वर्षों के अनुभव कहते हैं कि जहां-जहां से कांग्रेस साफ हुई है, वहां से खुशहाली आई है। कांग्रेस ने हिमाचल के किसानों से, वहां की माता-बहनों से वादा किया था। लेकिन आज स्थित यह है कि वहां पेट्रोल, डीजल महंगा कर दिया। किसानों को अपनी सेब की उपज नदियों में बहानी पड़ी। कांग्रेस ने वहां कर्मचारियों और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सभी को धोखा दिया। यही स्थिति देश के समृद्ध राज्यों में से एक कर्नाटक की भी है। कांग्रेस अगर ऐसी बर्बादी समृद्ध कर्नाटक में ला सकती है तो सोचिए यह हमारे मध्य प्रदेश का हाल क्या करेंगे? कांग्रेस कुर्सी पाने लिए सोने के महल देने का वादा भी कर सकती है। फिर बाद में कहेंगे कि जब आलू से सोना निकलेगा, तब बनाएंगे महल। लेकिन सत्ता मिलते ही कांग्रेस लूट का कारोबार शुरू कर देगी। इसलिए मध्यप्रदेश को बहुत सतर्क रहने की जरूरत है।

किसानों को छलती रही कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों के नाम पर सिर्फ अपने लोगों की तिजोरी भरी है। भाजपा ने कपास हो, गेहूं हो, सोयाबीन हो, सभी फसलों का एमएसपी लागत का दो गुना कर दिया है। अब भाजपा सरकार मक्का सहित अन्य मोटे अनाज को बढ़ावा दे रही है। मोटे अनाज को श्रीअन्न के नाम से दुनिया भर के बाजारों में पहुंचाया जा रहा है। आजादी से पहले बड़वानी को निमाड़ का पेरिस कहा जाता था, भाजपा सरकार अब इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रही है। यहां गलती से भी रोड़े अटकाने वाली कांग्रेस को मौका मिला तो वह सारी रोड ब्लॉक कर देंगे। मैं आपकी सेवा नहीं कर पाऊंगा। इसलिए ऐसे लोगों को बीच में नहीं आने देना है।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Rashifal

error: Content is protected !!