नई दिल्ली/बर्न- 10 अक्टूबर। स्विट्जरलैंड ने भारत सहित 101 देशों के साथ करीब 34 लाख वित्तीय खातों का ब्योरा साझा किया है। स्विस बैंक ने भारत के साथ सैकड़ों वित्तीय खातों से संबंधित ब्योरा साझा किया है। इसमें कुछ लोगों, कंपनियों और न्यासों के बैंक खाते शामिल हैं।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भारत को स्विट्जरलैंड के साथ सूचना के स्वत: आदान-प्रदान व्यवस्था के तहत अपने नागरिकों और संगठनों के स्विस बैंक खातों की चौथी सूची के बारे में लगातार चौथे साल जानकारी मिली है। हालांकि, सूचना के आदान-प्रदान के तहत गोपनीयता के प्रावधान का हवाला देते हुए इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है, क्योंकि इसका आगे की जांच पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
भारत को सबसे पहले स्विट्जरलैंड से सूचना के स्वत: आदान-प्रदान की व्यवस्था के साथ सितंबर, 2019 में आंकड़े मिले थे। उस समय भारत 75 देशों में शामिल था, जिसे सूचना उपलब्ध कराई गई थी। पिछले साल, भारत सूचना प्राप्त करने वाले 86 देशों की सूची में शामिल था।
संघीय कर प्रशासन (एफटीए) के जारी एक बयान के मुताबिक इस साल सूचनाओं के आदान-प्रदान से सूची में पांच नए क्षेत्र अल्बानिया, ब्रुनेई दारुस्सलाम, नाइजीरिया, पेरू और तुर्की को शामिल किया गया है। इससे वित्तीय खातों की संख्या में लगभग एक लाख का इजाफा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि स्विस बैंक को दुनियाभर के तानाशाहों, भ्रष्ट राजनेताओं, अधिकारियों और कारोबारियों की सबसे सुरक्षित तिजोरी माना जाता है। बीते कई दशकों से स्विस बैंक भारतीय राजनीति का भी केंद्र रहा है। स्विटजरलैंड में पहले बैंक की स्थापना 1713 में हुई थी।
