[the_ad id='16714']

बिहार के औरंगाबाद में मिला मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज

पटना- 07 अगस्त। बिहार के औरंगाबाद जिले में मंकीपॉक्स का एक संदिग्ध युवक मिला है। बुखार के साथ उसके शरीर में बड़े-बड़े फफोले पड़ गए हैं। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से औरंगाबाद आया है। उसकी बीमारी के लक्षण देखकर मंकीपॉक्स की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल उसका सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे भेजने की तैयारी चल रही है।

औरंगाबाद के सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार वीरेंद्र प्रसाद के अनुसार पिछले दिनों ही युवक दिल्ली से औरंगाबाद आया है। युवक औरंगाबाद के कुटुंबा गांव का निवासी है। दिल्ली से बिहार लौटते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसके शरीर में बुखार के साथ फफोले के निशान दिखने लगे। फिलहाल उसे उसके ही घर में आइसोलेट कराया गया है। जांच के लिए टीम को भेजकर सैंपल कलेक्शन कराया जा रहा है। उसके सैंपल को पुणे भेजने की तैयारी की जाएगी।

सिविल सर्जन ने बताया कि मंकीपॉक्स का संदिग्ध युवक मिलने के बाद पूरे गांव में अलर्ट जारी किया गया है। जितने भी लोग उसके संपर्क में आये हैं, सबकी जांच की जा रही है।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!