
नाबालिग से सामुहिक बलात्कार, खेत में पालक तोड़ने गई थी पीड़िता
औरैया- 20 जून। जनपद के सहायल थाना क्षेत्र की एक नाबालिग ने गांव के तीन युवकों पर रेप करने का आरोप लगाया है। बीते 17 जून को आरोपियों ने खेत पर घटना को अंजाम दिया था। मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है।
पीड़ित पिता पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी हो रही है। सहायल थाना प्रभारी गुंजन सिंह (डीएसपी) का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना सहायल थाना क्षेत्र की है।
पीड़ित नाबालिग ने बताया कि 17 जून की शाम को वो खेत पर पालक तोड़ने गई थी। तभी गांव के 3 युवकों ने उसको पकड़ लिया। उसके साथ रेप किया। उसके बाद जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। नाबालिग खेत से अपने घर वापस आई।
पीड़िता के माता पिता किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। जब वो वापस आए तब पीड़िता ने पूरी घटना अपने पिता को बताई।पिता बेटी के साथ थाने पर शिकायत करने पहुंचे। लेकिन वहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। किसी ने केस तक दर्ज नहीं किया। इस बीच आरोपी भी परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहे।
पिता ने बताया कि बेटी ने तीनों आरोपियों को पहचान लिया है। तीनों आरोपी गोली मारने की भी धमकी दे रहे हैं। सोमवार को पीड़िता के माता पिता ने मुकदमा दर्ज न होने पर आत्महत्या की धमकी दी। जिसके बाद थाना पुलिस ने केस दर्ज करने कर लिया।



