[the_ad id='16714']

केजरीवाल ने जिन्हें दिया ईमानदारी का सर्टिफिकेट वे लोग जेल में हैं’: अनुराग ठाकुर

रायपुर(नई दिल्ली)- 05 अक्टूबर। शराब घोटाला मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केजरीवाल सरकार पर हमलावर है। गुरूवार को केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि ‘केजरीवाल ने जिन लोगों को ईमानदारी का सर्टिफिकेट जारी किया, वे सब जेल में हैं।’ गुरुवार को छत्तीसगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोग अरविंद केजरीवाल पर हंस रहे हैं और उनके चेहरे का तनाव देख रहे हैं। केजरीवाल के साथी और उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, शिक्षा मंत्री, विधायक जेल में हैं। ये वे लोग हैं जो राजनीति में भ्रष्टाचार को हटाने के लिए आए थे लेकिन खुद ही भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस भ्रष्टाचार का किंगपिन अभी बाहर है, किंगपिन का नंबर भी आएगा। जिस-जिस को अरविंद केजरीवाल ईमानदारी का सर्टिफिकेट बांटते रहे वे एक साल से जेल में हैं। कोर्ट ने मामलों की गंभीरता देखते हुए उन्हें जमानत देने योग्य भी नहीं समझा।

वहीं, गुरुवार सुबह को भाजपा प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी (आआपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि खुले आम भ्रष्टाचार करना ही अरविंद केजरीवाल सरकार की प्रकृति है। केजरीवाल सरकार ने करोड़ों का घोटाला किया है। शराब घोटाले में गिरफ्तार हुए आरोपियों के घर से दस्तावेज मिले हैं। अब अगला नंबर अरविंद केजरीवाल का है।

उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार शाम को आआपा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उन्हें राउज एवेन्यु स्थित कोर्ट में पेश किया गया है।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!