
काम की खबर नहीं,बल्कि बोतल मिलने की खबर दिल्ली के अखबारों में छप जाती है:नीतीश
पटना- 06 दिसंबर। सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को जनता दरबार के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शराब बंदी को पूरी कठोरता से लागू करने के लिए हमारी सरकार दृढ़संकल्पित है। हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। बिहार के कई जिलों में खाली बोतलें मिलने के प्रश्न के उत्तर में सीएम ने कहा कि यह अब समझना है कि जब अधिकारी जांच के लिए जा रहे हैं वहीं पर कार्यालयों में खाली बोतल मिल रही है। इसका भी पता लगाया जाएगा कि कोई शराब पीकर खाली बोतल रख दिया है कि जानबूझकर बदनाम करने के लिए ऐसा किया गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार विकास के काम हो रहे हैं। इस खबर को दिल्ली के अंग्रेजी अखबरा नहीं छापते हैं, लेकिन खाली बोतल शराब के मिलने वाली खबर प्रमुखता से छापते है , यह सब देखने वाली बात है। सीएम ने कहा कि शराब को लेकर कौन क्या-क्या कर रहा है नजर है। हमने पहले भी बोला है कि सबसे ज्यादा पटना पर नजर रखने की जरुरत है। हम सजग है, नजर रख रहे हैं, कोई अगर खाली बोतल फेंकता भी है तो उस पर भी नजर रखी जाएगी। हमको भरोसा है कि इधर जो लगातार काम हो रहा है उससे कंट्रोल होगा।
उन्होंने कहा कि ओमीक्रोन से खतरा तो है ही,आज ही रिपोर्ट आई है कि 21 लोगों को यह संक्रमण हो गया है। हमलोगों ने इसकी रिव्यू मीटिंग कर सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है। तीसरे फेज का खतरा है ही, क्या-क्या करना है हम तैयार है। पांच सात दिन नए वैरिंएंट का पता लगने में लग जाता है। अबतक बिहार में ओमीक्रोन का मरीज नहीं मिला है। विदेश से आने वालों को भी ट्रेस किया जा रहा है। इससे पहले सीएम नीतीश ने आज अलग-अलग विभागों से जुड़े मामलों में जन सुनवाई की। महीने के पहले सोमवार को आज गृह विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मद्य निषेध विभाग, निबंधन विभाग, निगरानी विभाग, खान भूतत्व विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई होती है। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फरियादियों की शिकायत सुनी।
जनता दरबार में एक फरियादी अपनी फरियाद लेकर पहुंचा उसने बताया कि दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और शराब बेच रहे हैं।फरियादी ने कहा कि,’जमीन में कागजी विवाद साफ नहीं है।दबंगों ने जमीन पर कब्जा कर शराब का व्यवसाय शुरू किया है। मेरी जमीन में शेड डालकर 2019 के जनवरी में शराब का धंधा शुरू किया गया था।नेपाल और रक्सौल होकर शराब लाया जा रहा है।फरियादी की शिकायत सुनते ही सीएम नीतीश ने तुरंत डीजीपी को बुलाया। नीतीश कुमार ने कहा कि इनकी जमीन पर कब्जा किया गया है और शराब बेचा जा रहा है। अभी तुरंत मोके पर जाइये। इस दौरान सीएम ने कहा कि इस मामले में देर करने की जरूरत नहीं है, तुरंत निकलिए ओर एक्शन लीजिए। पांच साल के बाद कोरोना काल में शुरू किए गए जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में फिलहाल सीमित संख्या में ही लोगों को शामिल किया जा रहा है।



